निधि, सन्मार्ग संवाददाता
खड़दह : दुर्गापूजा के पावन अवसर पर महाषष्ठी की रात उत्तर 24 परगना के खड़दह इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। टीटागढ़ नगरपालिका के 22 नंबर वार्ड के अंतर्गत पीके विश्वास रोड पर एक जर्जर और खतरनाक घोषित मकान का हिस्सा अचानक भरभरा कर ढह गया। इस दुर्घटना में एक बच्चे सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत बैरकपुर के डॉ. बीएन बोस महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे कोलकाता के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
2022 में हुए विस्फोट के बाद घोषित किया गया था खतरनाक
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इसी मकान के पिछले हिस्से में साल 2022 में एक जोरदार विस्फोट हुआ था, जिससे भवन का एक बड़ा हिस्सा पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया था। उस हादसे के बाद टीटागढ़ नगरपालिका ने इस मकान को आधिकारिक तौर पर 'खतरनाक' घोषित कर दिया था। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि नगरपालिका और प्रशासन द्वारा इसे गिराने या खाली कराने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। षष्ठी की रात इसी लापरवाही का परिणाम भुगतना पड़ा जब मकान का अगला हिस्सा अचानक ढह गया।
प्रशासन और स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे की सूचना मिलते ही खड़दह थाने की पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और राजनीतिक हलकों में गहरा आक्रोश है। भाजपा के बैरकपुर-3 मंडल के अध्यक्ष संतोष सिंह और अन्य स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि यदि 2022 में ही खतरनाक घोषित हो चुके इस मकान को समय रहते तोड़ दिया जाता, तो आज यह हादसा टल सकता था और लोगों की जान जोखिम में नहीं पड़ती।
