Sanmarg · সাধারণ
दुर्गापूजा के बाद अब क्रिसमस पर बुक स्टॉल लगाएगी माकपा
২৪/১০/২০২৬

पार्क स्ट्रीट, बो बैरक, बैंडेल और कृष्णनगर जैसे इलाकों पर विशेष जोर
प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
दुर्गापूजा के दौरान पुस्तक स्टॉलों को मिली सराहनीय प्रतिक्रिया से उत्साहित माकपा अब क्रिसमस के अवसर पर भी अपने बुक स्टॉलों का विस्तार करने की तैयारी में है। पार्टी का उद्देश्य केवल पुस्तकें बेचना ही नहीं, बल्कि त्योहारों के माध्यम से लोगों से संपर्क बढ़ाना और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी मजबूत करना भी है। इस सिलसिले में हाल ही में माकपा के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम के साथ ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार, पार्टी क्रिसमस के दौरान चर्चों के आसपास बुक स्टॉल लगाने की योजना बना रही है। कोलकाता के पार्क स्ट्रीट और बो बैरक के अलावा बैंडेल, कृष्णनगर तथा रानाघाट जैसे इलाकों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। गौरतलब है कि दुर्गापूजा के दौरान माकपा के पुस्तक स्टॉलों में कथित तोड़फोड़ और विभिन्न बाधाओं के बावजूद पुस्तकों की अच्छी बिक्री हुई थी। राजनीतिक दृष्टि से त्योहारों के दौरान पुस्तक स्टॉल लगाने की यह पहल माकपा के लिए जनसंपर्क बढ़ाने और विभिन्न सामाजिक समुदायों के बीच अपनी उपस्थिति मजबूत करने का एक प्रयास मानी जा रही है।মূল প্রতিবেদনে যান ↗