सोफिया : बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने बताया कि मंगलवार तड़के काला सागर में बुल्गारिया के तट के पास दो जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया, जिससे एक जहाज डूब गया और आपातकालीन बचाव अभियान शुरू करना पड़ा। रादेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा कि एक जहाज ‘चेल्सी 3’ के चालक दल के सभी 15 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। माल्टा के झंडे वाले इस जहाज पर सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है।
चालक दल में यूक्रेन के सात और अजरबैजान के आठ नागरिक शामिल हैं। जहाज के डेक और बाहरी ढांचे पर तीन हवाई ड्रोन से हमला किया गया। हालांकि, उन्होंने जहाज पर सवार अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। बुल्गारिया की सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक में रादेव ने इन हमलों को ‘‘पूरी तरह अस्वीकार्य’’ बताया और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) तथा यूरोपीय संघ से सहायता मांगी। रादेव ने कहा कि हालांकि, अधिकारियों के पास इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं है कि ड्रोन हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है, लेकिन तर्क यही संकेत देते हैं कि इन घटनाओं के पीछे रूसी संघ हो सकता है। रूस ने घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। रादेव ने कहा कि वह बातचीत के लिए बुल्गारिया में रूस की राजदूत एलेनोरा मित्रोफानोवा को तलब करेंगे।
