राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
मिदनापुर : बीएमओएच द्वारा नर्स को किए गए प्रेम प्रस्ताव का जवाब नहीं मिला जिसके बाद बीएमओएच पर उस नर्स के साथ मारपीट करने और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। इस बारे में शिकायत मिलने के बाद उस अधिकारी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। घटना को लेकर हड़कंप मच गया है। पता चला है कि एक नर्स, जो पश्चिम मिदनापुर जिले के गढ़बेता के एक स्वास्थ्य केंद्र की इंचार्ज कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर है, पिछले गुरुवार को कुछ ज़रूरी कागजात लाने बीएमओएच के कार्यालय गई थी। आरोप है कि कागजात देते समय बीएमओएच ने पहले प्रेम निवेदन किया दिया और जब उसने जवाब नहीं दिया, तो बीएमओएच ने उसकी पिटाई कर दी व यौन उत्पीड़न किया। सूत्रों के अनुसार शुरू में उस नर्स ने इज़्ज़त की खातिर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन अपने परिवार की सलाह पर नर्स ने रविवार को गढ़बेता पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद गढ़बेता पुलिस ने जांच शुरू की। खतरे को भांपकर बीएमओएच ने भागने की कोशिश की। गढ़बेता पुलिस ने कई टीमें बनाकर अभियान शुरू किया और रविवार रात को उस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार स्वास्थ्य अधिकारी के खिलाफ कई गैर-जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस बारे में जिला सीएमओएच सौम्या शंकर सारेंगी ने कहा कि पूरे मामले की विभागीय जांच की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस डॉक्टर के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिली थीं उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
