सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- गुप्तापाड़ा के जिला परिषद सदस्य एवं दक्षिण अंडमान जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश अधिकारी ने कहा कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में पिछले कई वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्यों को जिस तेजी से मंजूरी मिल रही है, वह सराहनीय है। उन्होंने इसके लिए उपराज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पदभार संभालने के बाद पिछले एक महीने में कई करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली सड़कों को मंजूरी मिलने और निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की उम्मीदें बढ़ी हैं।
अधिकारी ने विशेष रूप से वंडूर पंचायत के अंतर्गत लोहाबाड़ी सड़क का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लिए विकास के नए द्वार खोल सकती है। लोहाबाड़ी से पोर्ट-मोर्ट गांव की ओर सड़क बनने से वंडूर के ग्रामीणों को तहसील और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंचने में लगभग 15 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ेगी। इससे लोगों का समय बचेगा और आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा।
उन्होंने कहा कि लोहाबाड़ी सड़क केवल ग्रामीण संपर्क का माध्यम नहीं होगी, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। समुद्र तट के किनारे से गुजरने वाली इस सड़क से क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को नई पहचान मिलेगी। वंडूर बीच पहले से ही एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और लोहाबाड़ी में सड़क सुविधा विकसित होने से आसपास के क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। इससे स्थानीय युवाओं, विशेषकर पर्यटन और यात्रा सेवाओं से जुड़े बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
अधिकारी ने बताया कि इस सड़क के निर्माण में भूमि संबंधी समस्या लंबे समय से बाधा बनी हुई थी। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रयासों से लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क के लिए करीब 23,000 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराई गई है। भूमि उपलब्ध होने के बाद इस सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पहली सूची में भी शामिल किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस सड़क से विद्यार्थियों को भी लाभ होगा। वर्तमान में विज्ञान संकाय की पढ़ाई के लिए वंडूर के विद्यार्थियों को दूर स्थित विद्यालयों तक जाना पड़ता है। सड़क बनने से उनकी यात्रा आसान होगी। इसके अलावा, मछुआरों को अपनी नौकाओं तक पहुंचने और मछली पकड़ने से संबंधित गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी।
प्रकाश अधिकारी ने बताया कि वंडूर, गुप्तापाड़ा, सीपी घाट और मीठाखाड़ी सहित विभिन्न पंचायत क्षेत्रों की कई सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पहली सूची में शामिल हुई हैं। कुछ अन्य सड़कों का सर्वेक्षण भी जारी है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से लंबित प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने तथा अगली सूची में शेष सड़कों को शामिल करने की उम्मीद जताई।
अधिकारी ने कहा कि लोहाबाड़ी सड़क उनका पुराना सपना था और भूमि संबंधी समस्या के समाधान के बाद उन्हें विश्वास है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास, पर्यटन, मछुआरों की सुविधा और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को नई दिशा देगी।
