सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल /बर्नपुर : दुर्गा पूजा 2026 से ठीक पहले बंगाल की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने तृणमूल कांग्रेस, वाममोर्चा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।उन्होंने कहा कि बंगाल में ये तीनों पार्टियां सालों से सामने दुश्मनी और टेबल के नीचे दोस्ती की राजनीति करती रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उधर फिश फ्राई और इधर चिकन कटलेट का खेल चलता रहा है, जिससे बंगाल की जनता को गुमराह किया गया। आगे कहा कि सीपीएम और तृणमूल अब पूरी तरह से खत्म हो चुकी है, उसे अब टेलीस्कोप से भी नहीं ढूंढा जा सकता। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति और बंगाल की राजनीति दोनों में ही अब ममता बनर्जी की प्रासंगिकता खत्म हो चुकी है और खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए ही वह इस तरह के राजनीतिक नाटक कर रही हैं। जब उनसे पूछा गया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार दुर्गा पूजा हो रही है, तो उन्होंने कहा कि इस बार सब कुछ अलग है। पहले लोगों को डराया जाता था कि भाजपा को वोट देने से मदरसे बंद हो जाएंगे, योजनाएं बंद हो जाएंगी, लेकिन अब जनता सच्चाई समझ चुकी है। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
