सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महानवमी के दिन आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बर्नपुर टाउन पूजा समिति बारी मैदान पूजा पंडाल में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष देवतनू भट्टाचार्य पहुंचे, जहां उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश और जिले की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। महानवमी के शुभ अवसर पर पंडाल में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी थी। मां दुर्गा के जयकारों के बीच देवतनू भट्टाचार्य का पूजा कमेटी के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जिलाध्यक्ष ने वहां आयोजित महाभोग में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा कमेटी के आयोजकों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उन्हें नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। मौके पर देवतनू भट्टाचार्य ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बंगाल की संस्कृति, एकता और शक्ति का प्रतीक है। मां दुर्गा अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि इस पावन पर्व पर सभी को समाज में शांति, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। बर्नपुर टाउन पूजा समिति के सचिव उज्जल माजी ने कहा कि महानवमी पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हजारों भक्तों ने महाभोग ग्रहण किया। जिलाध्यक्ष के आगमन से कार्यकर्ताओं और भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। इस मौके पर जिला महासचिव अमिताभ गोराई, आसनसोल साउथ मंडल-2 अध्यक्ष रामा नंद साह, मंडल -2 जीएस बृजेश वर्मा,अन्य भाजपा कार्यकर्ता, बर्नपुर टाउन पूजा समिति के सचिव उज्जल माजी, कार्यकारी अध्यक्ष शिव शंकर चक्रवर्ती, शंभू कुमार सिन्हा, सुशांतो पॉल, प्रणव कुमार आचार्य, मैनक माजी सहित बर्नपुर टाउन पूजा समिति के वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।
