अंडाल: अंडाल थाना अंतर्गत उखड़ा में बुधवार देर रात एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका का नाम चंदा सिंह (46 ) है। हत्या का आरोप लिव इन पार्टनर पर लगा है। पुलिस ने अभियुक्त प्रेम मंडल को गिरफ्तार कर वारदात की तहकीकात शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि अभियुक्त ने आपा खो दिया और चंदा सिंह के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर अभियुक्त मौके से फरार होने की फिराक में था, लेकिन स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
