अंडाल: ईसीएल के बंकोला क्षेत्र अंतर्गत श्यामसुंदरपुर कोलियरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी का पंडाल इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूजा पंडाल को राजस्थान के एक प्रसिद्ध मंदिर के प्रारूप पर भव्य और आकर्षक रूप दिया गया है। इस भव्य पंडाल का औपचारिक उद्घाटन शताक्षी महिला मंडल की अध्यक्षा किरण झा ने किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि किरण झा ने सभी कोयला कामगारों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों को शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां भगवती से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
समारोह में मौजूद बंकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक (GM) आरकेपी सिंह ने आयोजन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोलियरी के राष्ट्रीयकरण के दौर से ही यहां अनवरत दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है। यह परंपरा दशकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हर साल श्रमिक, अधिकारी और आसपास के ग्रामीण मिलकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं।
नक्काशी और विद्युत सज्जा बनीं मुख्य आकर्षण
श्यामसुंदरपुर कोलियरी पूजा कमेटी इस वर्ष अपने आयोजन का 53वां वर्ष मना रही है। गोल्डन जुबली पार कर चुकी इस पूजा में राजस्थानी स्थापत्य कला से प्रेरित पंडाल की आंतरिक सजावट और मनमोहक विद्युत सज्जा देखते ही बन रही है, जिसे देखने के लिए पहले दिन से ही दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। इस अवसर पर अभिकर्ता संदीप साहा, शताक्षी महिला मंडल बंकोला शाखा की अध्यक्ष अन्नू रानी सहित बंकोला क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, पूजा कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय कामगार व ग्रामीण उपस्थित रहे।
