बांकुड़ा : मल्ल राजाओं की ऐतिहासिक राजधानी रही मंदिर नगरी विष्णुपुर में शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा से पहले ही उत्सव का उल्लास छा गया है। पश्चिम बंगाल सरकार के तत्वावधान में विष्णुपुर स्टेडियम में दो दिवसीय विशेष महोत्सव ‘मायेर आगमने आनंद बिष्णुपुरे’ (मां के आगमन पर विष्णुपुर में आनंद) का विधिवत शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस भव्य आयोजन में संस्कृति, हस्तशिल्प और जायके का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
उद्घाटन सत्र में राज्य सरकार के मंत्री खुदीराम टुडू, राज्य मंत्री दिवाकर घारामी व राजेश महतो, बांकुड़ा के जिलाधिकारी अनीश दासगुप्ता और पुलिस अधीक्षक पीवीजी सतीश सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पूरे स्टेडियम परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मेले का मुख्य आकर्षण बांकुड़ा की समृद्ध लोककला और हस्तशिल्प है। परिसर में लगे स्टॉलों पर प्रसिद्ध डोकरा शिल्प, पारंपरिक दशावतार ताश, काष्ठ कला और विशेष विष्णुपुरी लालटेन प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा इस्कॉन के आध्यात्मिक साहित्य और पारंपरिक लजीज व्यंजनों के फूड स्टॉल पर भी भारी भीड़ उमड़ रही है। शाम को कोलकाता व मुंबई से आए ख्यातिप्राप्त कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
स्थानीय शिल्पकारों का कहना है कि पूजा से पहले मिले इस मंच से जिले के कुटीर उद्योग को नई संजीवनी मिलेगी और स्थानीय कला को व्यापक पहचान मिल रही है। शहर में उत्सव को लेकर खासा उत्साह है।
