
सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर: विजयदशमी के पावन पर्व पर निकलने वाले पारंपरिक अखाड़ा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में शहर के शिव स्थान महाबीर दल सेंट्रल अखाड़ा की ओर से पगड़ी वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखाड़ा के सभी सदस्यों, युवाओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। पगड़ी को साहस, सम्मान और एकता का प्रतीक माना जाता है और विजयदशमी अखाड़ा में इसकी विशेष भूमिका होती है। इस अवसर पर अखाड़ा कमेटी के सदस्यों ने कहा कि शिव स्थान महाबीर दल सेंट्रल अखाड़ा पिछले कई दशकों से विजयदशमी पर अनुशासन और परंपरा के साथ अखाड़ा निकालता आ रहा है। पगड़ी वितरण कार्यक्रम अखाड़ा की एकता को और मजबूत करता है और युवाओं में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना जगाता है। उन्होंने बताया कि विजयदशमी के दिन अखाड़ा की शोभायात्रा में सैकड़ों युवा पारंपरिक वेशभूषा, पगड़ी और लाठी-डंडे के हैरतअंगेज करतब के साथ शामिल होंगे। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकलेगी, जिसमें भगवान श्रीराम की विजय और सत्य की जीत का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, युवा और अखाड़ा प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने विजयदशमी अखाड़ा को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर बर्नपुर शिव स्थान महाबीर दल सेन्ट्रल अखाड़ा के महासचिव गौरी शंकर सिंह, ओम प्रकाश सिंह, पवन कुमार सिंह, रामा नंद साह, बप्पा चटर्जी, निशिकांत सिंह, संजय सिंह, सेल आईएसपी के सीजीएम अभय कुमार, बर्नपुर अस्पताल के डॉक्टर मनीष कुमार झा, अजय सिंह, संजीत प्रसाद,संजीत बनर्जी, संतोष झा, मिथलेश कुमार, श्रीकांत साह, सोनू सिंह, अभिषेक सिंह, अनील प्रसाद, चंदन साव, बृजेश वर्मा , अजय गुप्ता, मुन्ना यादव, मदन जयसवाल, बिरजू यादव, सहित अन्य लोग मौजूद थे।
