
सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल: ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा मोहिशीला के खुदीराम सरणी स्वास्थ्य केंद्र मैदान में चार दिवसीय 'चैतन्य दुर्गा पूजा' का सफल व भव्य आयोजन किया गया। 17 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित इस शारदीय उत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
बता दें कि इस दौरान चैतन्य दुर्गा पूजा के साथ-साथ मां दुर्गा के दिव्य स्वरूपों व अध्यात्म पर विशेष प्रकाश डाला गया। इसका आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आसनसोल शाखा की केंद्र प्रभारी बीके सुनिता की देखरेख व निर्देशन में यह आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस संबंध में बीके सुनिता ने बताया कि आसनसोल में इस प्रकार के आयोजन का यह 26 वां वर्ष है। आसनसोल में पहली बार इसका आयोजन वर्ष 2000 में राहा लेन में किया गया था। इस आयोजन की मुख्य विशेषता यह थी कि यहां देवी दुर्गा से लेकर सभी देवी-देवता एवं महीशासुर सभी जीवंत अर्थात आदमी ही उनकी भूमिका में थे।
