राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दुर्गापूजा से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए KMC की खाद्य सुरक्षा टीम ने बोरो-VII के वार्ड नंबर 63 में विशेष निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाया। पार्क स्ट्रीट, आनंदीलाल पोद्दार सरणी (पूर्व रसल स्ट्रीट) और मिडलटन स्ट्रीट के रेस्तरां, मिठाई दुकानों तथा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की जांच की गई। अभियान में मोबाइल फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स वाहन और खाद्य विश्लेषक भी शामिल रहे। अभियान के दौरान 27 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मौके पर 40 नमूनों की जांच की गई। इनमें पनीर का एक नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। संबंधित कारोबारी ने लगभग दो किलोग्राम बचा हुआ पनीर मौके पर नष्ट कर दिया। इसके अलावा, रेफ्रिजरेटर में बिना तारीख अंकित किए रखी गई करीब 20 किलोग्राम तैयार ग्रेवी भी नष्ट कराई गई। संबंधित खाद्य पदार्थ कारोबारी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38 के तहत नोटिस जारी कर सात दिनों में कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान अधिकांश प्रतिष्ठानों में वैध FSSAI लाइसेंस, लेबलयुक्त पैकबंद सामग्री और बेहतर व्यक्तिगत स्वच्छता देखी गई। हालांकि, कुछ दुकानों में कूड़ेदानों पर ढक्कन और लाइनर की कमी तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने में लापरवाही सामने आई। टीम ने खाद्य संचालकों को साफ एप्रन, दस्ताने और हेड कवर इस्तेमाल करने, खाद्य पदार्थों पर तारीख अंकित करने, बर्तनों की उचित सफाई तथा इस्तेमाल किए गए तेल को बार-बार गर्म करने से बचने की सलाह दी। अभियान के दौरान 27 जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 80 लोगों ने भाग लिया। विक्रेताओं और स्थानीय निवासियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी जागरूकता पर्चे भी बांटे गए।
