भारत के प्रवीण कुमार ने बुधवार को एशियन पैरा गेम्स में पुरुषों की ऊंची कूद टी44/64 स्पर्धा में गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में भारत के बंटी ने रजत पदक अपने नाम किया।
प्रवीण ने 2.05 मीटर की ऊंचाई पार कर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता। यह बंटी का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।
उज्बेकिस्तान के तेमुरबेक गियाजोव ने 1.86 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से इस स्पर्धा में देश को दो पदक मिले।
टी64 और टी44 वर्ग के खिलाड़ी अक्सर संयुक्त स्पर्धा में हिस्सा लेते हैं। विश्व पैरा एथलेटिक्स पर्याप्त प्रतिभागियों की उपलब्धता और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के लिए निचले अंगों से संबंधित दिव्यांगता वाली श्रेणियों को एक साथ रखता है। टी64 वर्ग में ऐसे खिलाड़ी शामिल होते हैं, जो कृत्रिम निचले अंग की मदद से दौड़ते हैं, जबकि टी44 वर्ग के खिलाड़ी बिना कृत्रिम अंग के अपने दोनों प्राकृतिक पैरों का इस्तेमाल करते हुए दौड़ते हैं।
