निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आरोप
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : एक युवती की निजी तस्वीरें, वीडियो और चैट सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये और एक फ्लैट की मांग करने के आरोप में पुलिस ने मो. माजिद अंसारी को गिरफ्तार किया है। जोड़ासांको थाने की पुलिस ने उसे मार्कस स्क्वायर इलाके से गिरफ्तार किया। शुक्रवार को आरोपी को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश दिया। सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती के अनुसार, इस मामले में एक बड़े गिरोह की संलिप्तता की आशंका है।
मोबाइल से निजी तस्वीरें और चैट कॉपी करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश के तहत युवती के मोबाइल फोन से उसकी निजी तस्वीरें, वीडियो और पूर्व पति के साथ हुई चैट के स्क्रीनशॉट उसकी अनुमति के बिना कॉपी कर लिए। इस मामले में कई लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि निजी सामग्री सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला से 20 लाख रुपये और एक फ्लैट की मांग की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती पर एक आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया।
शिकायत के मुताबिक, कथित तौर पर महिला की कुछ निजी तस्वीरें, वीडियो और वॉयस रिकॉर्डिंग फेसबुक पर अपलोड की गईं। पोस्ट के साथ अपमानजनक टिप्पणियां भी की गईं। आरोप है कि इस गतिविधि का उद्देश्य महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना और उसके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना था। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसे व्हाट्सऐप और अन्य फोन नंबरों के जरिए धमकियां दी गईं। जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता से जुनैद खान और अंकित शर्मा की फेसबुक आईडी पर अपलोड की गई कुछ तस्वीरें जब्त की हैं। पुलिस मामले में कथित साजिश, ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया पर निजी सामग्री प्रसारित किए जाने की भूमिका की जांच कर रही है।
