सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक शौचालय में शुक्रवार सुबह टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिसमें विमान में सवार होने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक द्वार (‘बोर्डिंग गेट’) पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। एक अधिकारी ने कहा, ‘उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे एक सफाई कर्मचारी को महिलाओं के शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा एक नोट मिला, जिसमें ‘बोर्डिंग गेट’ संख्या 30 पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। कर्मचारी ने प्राधिकारियों को इसकी सूचना दी।’
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद ‘बोर्डिंग गेट’ के आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया और बम निरोधक दस्ते ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों के साथ मिलकर पूरे हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया लेकिन उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।
