सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल द्वारा गुरुवार को जन संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ एवं यात्री जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य रेल अधिकारियों एवं यात्रियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को सुदृढ़ करना, यात्रियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझना तथा रेल सेवाओं एवं यात्री सुख-सुविधाओं में सुधार हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना था।
आसनसोल रेलवे स्टेशन पर आसनसोल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक संग्रह मौर्य ने यात्रियों एवं स्कूली विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के यात्रा संबंधी अनुभवों की जानकारी प्राप्त की तथा रेल सुविधाओं एवं सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव आमंत्रित किए। इसी क्रम में दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर आसनसोल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक देबब्रत चटर्जी ने भी यात्रियों से संवाद कर रेलगाड़ी सेवाओं, स्टेशन सुविधाओं, यात्री सुख-सुविधाओं तथा रेल सेवाओं के अन्य पहलुओं के संबंध में उनकी राय एवं सुझाव प्राप्त किए।
‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर आयोजित किया गया। इनमें रानीगंज, कालिपहाड़ी, दुर्गापुर, वारिया, राजबांध, बराकर, छोटा अंबोना, कुमारडुबी, थापरनगर, मुगमा, कालूबथान, सिउड़ी, पांडवेश्वर, उखड़ा, जसीडीह जंक्शन, बैद्यनाथधाम, महेशमुंडा, गिरिडीह, मधुपुर जंक्शन, संकरपुर, सिमुलतला, अंडाल जंक्शन एवं देवघर शामिल हैं।
