सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले सभी थानों को 112 आपातकालीन सेवा के तहत 4-चक्का वाहन और 2 टू-व्हीलर उपलब्ध कराए गए हैं। डीसीपी हेडक्वार्टर केजी मीणा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपराधिक घटना, दुर्घटना या आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करना है। 112 नंबर पर कॉल आते ही संबंधित थाने की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंच सकेगी।
क्या होगा फायदा?
पहले जहां पुलिस को मौके पर पहुंचने में समय लगता था, वहीं अब 112 की गाड़ियां मिलने से 5 से 10 मिनट में पुलिस घटना स्थल पर पहुंच जाएगी। टू-व्हीलर मिलने से गलियों और संकरी सड़कों में भी पुलिस की गश्त आसान होगी। दुर्गापूजा से पहले यह व्यवस्था लागू होने से भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा और भी पुख्ता हो जाएगी। सभी वाहनों में जीपीएस और वायरलेस सिस्टम लगा है, जिससे कंट्रोल रूम से सीधे निगरानी की जा सकेगी। सभी थानों के पुलिसकर्मियों को इन वाहनों के संचालन को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।
