दुर्गापूजा में 8 हजार से अधिक एनसीसी कैडेटों ने संभाली व्यवस्था
छह दिनों तक भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे
प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता:
दुर्गापूजा के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम एनसीसी निदेशालय के 8,000 से अधिक कैडेटों ने जनसेवा की मिसाल पेश की। छह दिनों तक विभिन्न पूजा पंडालों में तैनात कैडेटों ने भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने और बुजुर्गों समेत आम लोगों की सहायता में पुलिस तथा नागरिक प्रशासन को सहयोग दिया। शुक्रवार को एनसीसी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम के एडीजी मेजर जनरल एपीएस चहल ने कैडेटों के समर्पण और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, स्थायी प्रशिक्षकों और ग्रुप मुख्यालयों के योगदान की भी प्रशंसा की। एडीजी ने कहा कि चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बावजूद कैडेटों ने अनुशासन, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाई। उन्होंने कहा कि निदेशालय राज्य सरकार के साथ समन्वय कर संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कैडेटों की सेवा ने अनुशासन, एकता, नेतृत्व और राष्ट्रनिर्माण के एनसीसी मूल्यों को प्रदर्शित किया।
