Sanmarg · সাধারণ
असम के मोरीगांव में गिरफ्तार युवक के पास से 51 सिम कार्ड जब्त
১৪/১০/২০২৬

मोरीगांव: असम के मोरीगांव जिले में मध्य प्रदेश पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 31 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 51 सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपी के खिलाफ किस मामले में कार्रवाई की गई है और बरामद सिम कार्ड व मोबाइल फोन का इस्तेमाल कथित तौर पर किस उद्देश्य से किया जा रहा था। आरोपी की पहचान मोहम्मद अब्दुल राशिद के रूप में हुई है। वह मोहम्मद आकाश अली का पुत्र है और असम के नगांव जिले में बटाद्रवा थाना क्षेत्र के अमलखी गांव का निवासी बताया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस की एक टीम मामले की जांच के सिलसिले में असम पहुंची थी। इसके बाद टीम ने मोरीगांव जिले के लाहोरीघाट थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई लाहोरीघाट थाना क्षेत्र के ढिंगाराटी इलाके में की गई। बताया गया है कि पुलिस ने आरोपी को उसके ससुर के घर से गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 51 सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए। इतनी बड़ी संख्या में सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद होने के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक बरामद उपकरणों के संभावित इस्तेमाल, आरोपी की कथित भूमिका और मामले की प्रकृति के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक बयान और आगे की जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपी के पास से बरामद सिम कार्ड और मोबाइल फोन किस उद्देश्य से रखे गए थे तथा इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं।
মূল প্রতিবেদনে যান ↗