नैरोबी : केन्या में रविवार को मुख्य राजमार्ग पर एक बस और ट्रक की टक्कर में 22 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना राजधानी नैरोबी को तटीय शहर मोम्बासा से जोड़ने वाले राजमार्ग पर हुई। ठीक इसी जगह तीन सप्ताह पहले हुए एक हादसे में 17 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह हुए हादसे में कई अन्य लोग घायल हो गए और उनका इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना के समय बस में सवार यात्री एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। मकुएनी काउंटी के आयुक्त अब्दुल्लाही खलीफ ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। केन्या के राष्ट्रीय परिवहन एवं सुरक्षा प्राधिकरण ने कहा कि राजमार्ग के जिस हिस्से पर दुर्घटना हुई, उसे दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। प्राधिकरण ने बताया कि वहां सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए सिफारिशें भी की गई थीं।
