दक्षिण 24 परगना : सुभाषग्राम रेल मैदान स्थित सुभाषग्राम पल्ली मंगल समिति के दुर्गापूजा मंडप में महाषष्ठी की दोपहर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। मधुबनी कला के थीम पर तैयार किया गया पूजा मंडप लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल की कलात्मक सजावट और मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन के लिए दूर-दराज के इलाकों से भी लोग पहुंच रहे हैं। इस वर्ष सुभाषग्राम पल्ली मंगल समिति अपनी दुर्गापूजा के 63 वर्ष पूरे कर रही है। इस अवसर पर पूजा को लेकर आयोजकों और स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पूजा कमेटी के कोषाध्यक्ष दीपक दे तथा आजीवन सदस्य रमाशंकर प्रसाद आयोजन की तैयारियों और पूजा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। मंडप का थीम मधुबनी कला पर आधारित है, जो अपनी पारंपरिक शैली और बारीक कलाकारी के लिए जानी जाती है। मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकार सुदीप्त क्याल ने किया है, जबकि साज सज्जा का कार्य आयुष राय ने किया है। पंडाल की अनूठी सजावट और प्रतिमा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। पूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से मां के दर्शन कर सके।
