नागराकाटा : भारतीय सेना की बिन्नागुड़ी छावनी की पहल पर नागराकाटा ब्लॉक स्थित चेंगमारी टी एस्टेट हाई स्कूल (एचएस) के विद्यार्थियों के लिए रविवार से पांच दिवसीय महाराष्ट्र राष्ट्रीय एकता यात्रा शुरू हुई। इस यात्रा के तहत विद्यालय के 20 विद्यार्थी दो शिक्षकों के साथ महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए।
यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से परिचित कराने के साथ उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। इस दौरान विद्यार्थियों को महाराष्ट्र के विभिन्न ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। इससे वे देश की विविध संस्कृतियों, इतिहास और परंपराओं को करीब से समझ सकेंगे।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक कुमार छेत्री ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि किताबी पढ़ाई के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को देखने तथा उनके बारे में जानकारी प्राप्त करने से विद्यार्थियों के ज्ञान और अनुभव में वृद्धि होगी।
प्रधान शिक्षक ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए भारतीय सेना की बिन्नागुड़ी छावनी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की यात्राएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद करती हैं। साथ ही, देश की विविधता को समझने, आपसी सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
