दुबई : ईरान ने बृहस्पतिवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बुधवार की रात उसके हमलों या समुद्री बारूदी सुरंगों में विस्फोट के कारण सात तेल टैंकरों में आग लग गई या वे क्षतिग्रस्त हो गए। व्यापक स्तर पर युद्ध फिर शुरू होने की आशंकाओं के बीच बढ़ते तनाव के दौर में यह संख्या असामान्य रूप से अधिक है। इजराइल में कुछ ही दिनों में होने वाले कड़े मुकाबले वाले चुनाव और अमेरिका में अगले महीने होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले, अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले फिर से शुरू करने की आशंका जताई जा रही है। जहां, इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सत्ता गंवा सकते हैं। वहीं अमेरिका में युद्ध के कारण बढ़ी कीमतों को लेकर मतदाताओं में नाराजगी है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की नौसेना के हवाले से जहाजों पर हालिया हमलों की जानकारी दी। रिपोर्ट में आईआरजीसी की नौसेना ने एक बार फिर धमकी दी कि यदि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को रास्ता दिखाने में मदद करता रहा, तो क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया जाएगा। रिपोर्ट में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई। ब्रिटेन की समुद्री निगरानी संस्था ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ ने इन हमलों की सूचना नहीं दी।
