सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- पर्यटन विभाग, होटल प्रबंधन, खानपान प्रौद्योगिकी एवं अनुप्रयुक्त पोषण संस्थान, मुंबई के सहयोग से रैम्प योजना के तहत 9 से 14 नवंबर 2026 तक होम-स्टे संचालकों के लिए छह दिवसीय प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम आयोजित करेगा।
यह कार्यक्रम आपदा प्रबंधन निदेशालय के प्रशिक्षण कक्ष में आयोजित किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य मौजूदा और इच्छुक होमस्टे संचालकों तथा उनके कर्मचारियों को होमस्टे संचालन, कक्ष प्रभाग और गृह व्यवस्था के मानकों, अतिथि प्रबंधन तथा टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन पद्धतियों से जुड़े आवश्यक कौशल से लैस करना है।
पंजीकृत और इच्छुक होम-स्टे संचालकों तथा उनके कर्मचारियों को अपने सेवा कौशल को निखारने और आतिथ्य मानकों में सुधार के लिए इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
इच्छुक प्रतिभागी विभाग द्वारा जारी ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए आवेदक ईमेल के माध्यम से पर्यटन विभाग के योजना अनुभाग से संपर्क कर सकते हैं।
