इस्तांबुल : तुर्किये के सबसे बड़े शहर इस्तांबुल में भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई। गृह मंत्री मुस्तफा चिफ्तची ने शुक्रवार को इसे 1942 के बाद की सबसे बड़ी बाढ़ आपदा बताया। बुधवार सुबह तक पिछले 48 घंटों में हुई बारिश सितंबर और अक्टूबर के औसत कुल स्तर से अधिक रही। बाढ़ से घरों, दुकानों, सड़कों और पार्कों में पानी भर गया। कई वाहन बह गए और कुछ ढलानों के नीचे एक-दूसरे पर चढ़े मिले। शुक्रवार को सरियेयर जिले में एक पुल के नीचे 66 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। इससे पहले तीन लोगों की मौत की खबर आई थी। चिफ्तची के मुताबिक, बाढ़ से संबंधित नुकसान और अन्य समस्याओं की 9,850 शिकायतें मिली हैं। राहत और सफाई कार्यों में करीब 46 हजार कर्मी जुटे हैं। पर्यावरण मंत्री मुरात कुरुम ने बाढ़ के लिए जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को भी जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटना अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत है।
