कोलकाता : उत्तर कोलकाता की मानिकतला चलता बागान लोहापट्टी दुर्गापूजा कमेटी ने अपनी 84वीं दुर्गापूजा में ‘निशान’ थीम के जरिए श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। रामनाम और रामधुन से सजे पूजा मंडप को एशियन पेंट्स सहित विभिन्न संस्थाओं की ओर से लगभग 50 पुरस्कार प्रदान किए गए।
थीम में आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर समन्वय देखने को मिला। पूजा के उद्घाटन के बाद से ही मंडप में दर्शन के लिए लोगों की रुचि रही। इसकी कलात्मक सज्जा और धार्मिक प्रस्तुति को विभिन्न स्तरों पर सराहना मिली।
कमेटी को रंग मशाल शारद सम्मान 2026 के तहत ‘सेरा दस’, उत्सव ऐप शारद सम्मान 2026, ‘बोछोरेर बिस्मय’, आनंद सर्वजनीन, कल्याण शारद सम्मान, प्रतिदिन, आनंदबाजार पत्रिका के शारद अर्घ और उत्कर्ष आरोहण सहित कई पुरस्कार मिले।
कमेटी के चेयरमैन संदीप भूतोड़िया ने कहा कि 84 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संस्था ने इस बार भी रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि ‘निशान’ थीम के माध्यम से दुर्गोत्सव की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया। लगभग 50 पुरस्कार मिलना कमेटी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
