सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : दुर्गापूजा पंडाल की सजावट में 'एक्सपेंडेड पॉलीइथिलीन' (ईपीई) फोम के रचनात्मक इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए 'कॉम्फेक्स - ईपीई फोम सॉल्यूशंस' ने 'कॉम्फेक्स दुर्गा पूजा इनोवेशन अवार्ड्स 2026' के विजेताओं की घोषणा की। इस पुरस्कार के जरिए कोलकाता की उन पूजा कमेटियों की रचनात्मकता, कारीगरी और नवाचार को सम्मानित किया गया, जिन्होंने इसमें हिस्सा लिया था।
विजेताओं की घोषणा में हरिदेवपुर के '41 पल्ली क्लब' ने 1 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार जीता है। साल्टलेक के ऐई ब्लॉक समाज कल्याण संघ' को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिला, जबकि भवानीपुर की रॉय स्ट्रीट सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमिटी' ने 25 हजार रुपये का तीसरा पुरस्कार हासिल किया. विजेताओं को पंडाल डिजाइन में उनके नए दृष्टिकोण और कलात्मक सजावट में ईपीई फोम के रचनात्मक उपयोग के लिए सम्मानित किया गया। तीनों विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ-साथ ट्रॉफियां और प्रमाण पत्र देकर उन सभी का हौसला बढ़ाया गया।

जूरी में अशोक विश्वनाथन (प्रशंसित फिल्म निर्माता), अमित अग्रवाल (निर्माता), बीडीजी समूह के प्रबंध निदेशक आलोक गोयल, कॉम्फेक्स के सीईओ सुमित भट्ट के साथ कॉम्फेक्स की टीम के सदस्य भी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करने के दौरान मौजूद थे। 'कॉम्फेक्स' की यह पहल कोलकाता की दुर्गा पूजा में 'एक्सपेंडेड पॉलीइथिलीन' (ईपीई) फोम की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। आमतौर पर औद्योगिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाला ईपीई फोम अब एक बेहतरीन रचनात्मक सामग्री के रूप में उभरा है। इसकी मदद से कलाकार, डेकोरेटर और कारीगर जटिल पैटर्न, अनोखे ढांचे और खास थीम वाले डिजाइन तैयार करने के लिए नए प्रयोग कर पा रहे हैं। इस अवसर पर बोलते हुए, बीडीजी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गोयल ने कहा, हम इसमें भाग लेने वाली पूजा कमेटियों द्वारा दिखाई गई बेहतरीन रचनात्मकता और नवाचार (इनोवेशन) को सम्मानित करते हुए बहुत खुश हैं। दुर्गापूजा कला, संस्कृति और कल्पना का उत्सव है। ईपीई फोम का नवाचारी इस्तेमाल यह दिखाता है कि, कैसे नई सामग्री पंडाल की सजावट के लिए शानदार संभावनाएं खोल सकती है। इस प्रेरणादायक पहल में योगदान देने के लिए 41 पल्ली क्लब (हरिदेवपुर), एई ब्लॉक समाज कल्याण संघ (साल्टलेक), रॉय स्ट्रीट सार्वजनीन दुर्गा पूजा कमिटी और इसमें भाग लेने वाली सभी कमेटियों को हार्दिक बधाई।

अपने विचार साझा करते हुए कॉम्फेक्स के सीईओ सुमित भट्ट ने कहा, हम दुर्गापूजा पंडाल की सजावट में ईपीई फोम के इस्तेमाल में काफी बढ़ोतरी देख रहे हैं, जो एक बहुउपयोगी और नवाचारी सामग्री के रूप में इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। इसकी लचीली प्रकृति कलाकारों और सजावट करने वालों को नई रचनात्मक संभावनाएं तलाशने और अपनी कल्पनाओं को साकार करने का मौका देती है। कॉम्फेक्स दुर्गा पूजा इनोवेश अवार्ड्स के जरिए, हमारा मकसद ईपीई फोम के इस्तेमाल को बढ़ावा देना, नवाचार को प्रेरित करना और उस बेहतरीन कारीगरी को सम्मान देना है, जो कोलकाता की दुर्गापूजा को कला और संस्कृति का एक अनोखा उत्सव बनाती है। इस पहल का उद्देश्य ईपीई फोम के रचनात्मक उपयोग के बारे में लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना और कोलकाता की मशहूर दुर्गा पूजा के पंडालों के पीछे छिपी कारीगरी को सबके सामने लाना भी है।
