सिलीगुड़ी : बागडोगरा चाय बागान स्थित एक बंगले से सोने और चांदी के कीमती आभूषणों की चोरी के मामले में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के अंतर्गत बागडोगरा थाने की पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अभिषेक टोप्पो (26) के रूप में हुई है। वह दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा थाना क्षेत्र के हंसखोवा, बांदीजोत का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक सोने की अंगूठी और कुछ पिघला हुआ सोना बरामद कर जब्त किया है।
23 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे बागडोगरा टी एस्टेट स्थित एक बंगले से सोने और चांदी के कीमती आभूषण चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में बागडोगरा थाने में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गुप्त सूचना पर हुई गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर जांच अधिकारी एसआई देबब्रत कुंडू ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। इस दौरान अभिषेक टोप्पो को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सोने की अंगूठी और कुछ पिघला हुआ सोना बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए बरामद सामग्री को जब्त कर लिया।
पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। चोरी हुए आभूषणों की बरामदगी और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।
