सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बड़ाबाजार के पोस्ता थाना क्षेत्र के बड़तल्ला स्ट्रीट में एक बिल्डिंग प्रमोटर से फोन पर रंगदारी और पूजा खर्च मांगने का मामला सामने आया है। प्रमोटर की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रमोटर का कार्यालय पोस्ता के बड़तल्ला स्ट्रीट में स्थित है। प्रमोटर ने पोस्ता थाने के प्रभारी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि अंशु सिंह नामक व्यक्ति, जिसे वह पिछले कुछ वर्षों से जानते हैं, ने व्हाट्सऐप के माध्यम से लगातार कई बार फोन कर रंगदारी की मांग की।
दो दिनों में 21 बार किए व्हाट्सऐप कॉल
शिकायत के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 की रात 9:40 बजे से 9.45 बजे के बीच आरोपी ने प्रमोटर को व्हाट्सऐप पर 17 बार कॉल किया। इसके बाद 21 अक्टूबर 2026 की शाम 4:34 बजे से 4:50 बजे के बीच चार बार और कॉल किए गए। इस तरह दो दिनों में कुल 21 बार कॉल किए जाने का आरोप है। प्रमोटर का आरोप है कि जब वह अपने कार्यालय में मौजूद थे, तब आरोपी ने उनसे रंगदारी के रूप में ‘टोला’ और पूजा खर्च देने की मांग की। मांग पूरी करने से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पीड़ित प्रमोटर ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पोस्ता थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
