कोलकाता : महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर कोलकाता स्थित विशुद्धानंद अस्पताल में समारोह आयोजित कर महाराजा अग्रसेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अस्पताल परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
आयोजकों के अनुसार, यह कोलकाता में स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्राचीनतम प्रतिमा है। कार्यक्रम में अग्रबंधु के सभापति प्रह्लाद राय गोयनका ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज में एकता, समरसता और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया।
उन्होंने नए बसने वाले व्यक्ति को समाज में स्थापित करने के लिए प्रत्येक परिवार से एक ईंट और एक रुपये के योगदान की परंपरा शुरू की थी। यह परंपरा सामूहिक जिम्मेदारी और परस्पर सहयोग का प्रतीक है।
गोयनका ने कहा कि वर्तमान समय में भी इन आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता है। इससे सामाजिक सद्भाव मजबूत होगा और विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। समारोह में संदीप गर्ग, श्याम सुंदर नेवटिया, विजय सांगानेरिया, ओपी पांडेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
