जामुड़िया : दुर्गापूजा के समापन के बाद शुक्रवार देर शाम थानामोड़ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी एवं बाउरीपाड़ा पूजा कमिटी की प्रतिमाओं का विसर्जन ढोल-नगाड़ों और महावीर अखाड़ा के साथ धूमधाम से किया गया। इस दौरान निकाली गई भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा थानामोड़ से शुरू होकर पेट्रोल पंप, नंदी मोड़ सहित पूरे बाजार की परिक्रमा करते हुए थाना परिसर स्थित राधाकांत पोखर पहुंची, जहां दोनों कमिटियों की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
शोभायात्रा से पूर्व महावीर अखाड़ा के उस्तादों, पूजा कमिटी के पदाधिकारियों एवं अतिथियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच शोभायात्रा आगे बढ़ी। इस दौरान महावीर अखाड़ा के सदस्यों ने पारंपरिक खेलों एवं करतबों का प्रदर्शन किया।
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण अखाड़े में शामिल लड़कियों द्वारा किया गया लाठी खेल का प्रदर्शन रहा। लड़कियों ने पूरे आत्मविश्वास और कौशल के साथ लाठी खेल का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को अचंभित कर दिया। उनके प्रदर्शन को देखने के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निगरानी रही, ताकि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन कुमार मुखर्जी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, निरंजन सिंह, रंजीत गांधी, चंदन गांधी, संदीप खेतान, एवं अशोक नोनिया सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
महावीर अखाड़ा एवं पूजा कमिटी के सदस्य रहे उपस्थित
थानामोड़ महावीर अखाड़ा के अध्यक्ष राजेश शर्मा एवं सचिव अजय पंडित के साथ अखाड़े के सदस्य पंकज सिंह, गोविंद पासी, राकेश सिंह, अभिजीत केशरी, रोकी मंडल, नरेश नोनिया, चंदन गांधी एवं विश्वजीत मिश्रा आयोजन में सक्रिय रहे।
वहीं, थानामोड़ सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के अध्यक्ष भूषण गुप्ता एवं सचिव चंडी दत्ता के साथ कमिटी के सदस्य अशोक सिंह, रतन मित्तल, विनोद साव, आशीष कर, पमपम नाड, अशोक गुप्ता, पवन नोनिया, श्रवण पटवारी एवं कैलाश केशरी सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
