बुखारेस्ट : रोमानिया के अधिकारियों ने काला सागर के तट के पास एक जहाज में आग लगने के बाद बृहस्पतिवार को तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। इस दुर्घटना में आठ लोग लापता हो गए जबकि चार लोगों को बचा लिया गया। ट्यूनीशिया से रोमानिया जा रहे रासायनिक टैंकर ‘वाइन ट्रेडर’ में आग लगने का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। इस जहाज पर सैन मरीनो का ध्वज लगा था। काला सागर में हाल के दिनों में जहाजों पर ड्रोन हमलों की कई घटनाओं के कारण रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध व्यापक होने की आशंका बढ़ गई है। रोमानिया के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रात के दौरान यूक्रेन के स्नेक द्वीप के पास ‘हवाई लक्ष्यों’ पर नजर रखी गई। रात एक बजकर 34 मिनट पर एक ड्रोन सुलिना के दक्षिण-पूर्व में रोमानिया के हवाई क्षेत्र में थोड़ी देर के लिए दाखिल हुआ, लेकिन बाद में रडार से गायब हो गया। यह घटना बंदरगाह शहर सुलिना से 13 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में हुई।
