सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नारी शक्ति, आत्मसम्मान और महिला सशक्तीकरण के संदेश के साथ पूर्व कोलकाता के अर्बन सबूजायन का दुर्गापूजा मंडप इस वर्ष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। ‘नारी तू नारायणी’ की थीम पर सजे इस मंडप में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा और अनूठी सज्जा दर्शनार्थियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय को केंद्र में रखकर तैयार किया गया यह मंडप महिलाओं के साथ-साथ अन्य दर्शनार्थियों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

मंडप की सबसे खास बात इसकी सजावट है। महिलाओं के रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न वस्तुओं का उपयोग कर मंडप को एक विशेष रूप दिया गया है। इन वस्तुओं के माध्यम से महिलाओं के दैनिक जीवन, उनकी जिम्मेदारियों, संघर्षों और समाज में उनके योगदान को दर्शाने का प्रयास किया गया है। आयोजन के पहले ही वर्ष कमेटी ने महिला सशक्तीकरण जैसे गंभीर और प्रासंगिक विषय को चुनकर एक सकारात्मक सामाजिक संदेश देने की पहल की है।
मंडप में स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। महिषासुर के सिर पर मां दुर्गा के पैर की मुद्रा बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक बनकर सामने आती है। प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धालु शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश महसूस कर रहे हैं।
इस मंडप की एक अन्य विशेषता यह है कि यहां राष्ट्रप्रेम और वीरता को भी सम्मान दिया गया है। एक ओर वंदेमातरम के 150वें वर्ष को स्थान दिया गया है, वहीं दूसरी ओर कैप्टन स्मिता मच्छर की वीरगाथा को भी मंडप में प्रदर्शित किया गया है। इस तरह मंडप में नारी शक्ति के साथ देशभक्ति और साहस के भाव को भी जोड़ा गया है।
कमेटी की ओर से सुशांत साहू ने बताया कि कॉम्प्लेक्स की महिलाओं के सहयोग के बिना इस आयोजन को साकार करना संभव नहीं था। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने इस पहल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
