
संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान: कोलकाता के ''चोर बगान सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति के दुर्गा पंडाल में शनिवार रात मची भगदड़ में कुचलकर 19 दर्शनार्थियों की मौत हो गई। इन 19 मृतकों में टगोर बेज (37) और संदीप बेज (14) भी शामिल हैं, जो पूर्व बर्दवान जिले के रायना 2 ब्लॉक के माधबडीही थाना क्षेत्र के बीरपुर गांव के रहने वाले थे। टगोर बेज और संदीप बेज रिश्ते में मां और बेटे हैं। वे दोनों चोर बगान सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति में मां दुर्गा के दर्शन के लिए गए थे। मंगलवार को बीरपुर गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शोक संतप्त परिवार का ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें सरकारी आर्थिक सहायता सौंपी। इसके साथ ही, उन्होंने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्य की उद्योग मंत्री मौमिता विश्वास मिश्र, रायना के विधायक सुभाष पात्रा, भातार के विधायक सौमेन कार्फा, जिलाधिकारी श्वेता अग्रवाल और जिला पुलिस अधीक्षक मिस पुष्पा भी उपस्थित थीं।
