आरा : बिहार के भोजपुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह तीन अज्ञात नकाबपोशों ने 68 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान राम कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह सीमा शुल्क विभाग के पूर्व सहायक आयुक्त (एसी) थे और शाहाबाद क्षेत्र के क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि सिंह गुरुवार सुबह करीब सात बजे अपने बेटे के साथ रोजाना की तरह सैर के लिए रमना मैदान जा रहे थे। इसी दौरान आरा शहर में जैन कॉलेज के पूर्वी गेट के पास बदमाशों ने उन पर नजदीक से कम से कम सात से आठ गोलियां चलाईं।
उन्होंने बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे और गोली मारने के बाद फरार हो गए। सिंह को तत्काल आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिंह के परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि भूमि विवाद को लेकर उन्हें धमकियां मिल रही थीं। इससे पहले भी उनकी हत्या की कोशिश की गई थी।
दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर उन्हें वैज्ञानिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में नवादा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
