वाशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें नहीं लगता कि चीन और रूस ईरान की मदद कर रहे हैं। उन्होंने चेताया कि तेहरान का साथ देने पर दोनों देशों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि चीन और रूस के पास खोने के लिए बहुत कुछ है और अगर वे ईरान की मदद कर रहे होंगे, तो अमेरिका को इसकी जल्द जानकारी मिल जाएगी। अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमले किए थे। जवाब में ईरान ने इजराइल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले खाड़ी देशों पर हमले किए। ट्रंप इससे पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध में तटस्थ बता चुके हैं। रूस ने चेताया है कि युद्ध से मध्य पूर्व में परमाणु हथियारों की होड़ बढ़ सकती है, जबकि चीन ने अमेरिकी हमलों को ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। पिछले महीने ट्रंप ने शी जिनपिंग को ईरान की मदद न करने की चेतावनी दी थी।
