निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में त्योहारों के दौरान राशन उपभोक्ताओं तक 'पूजा पैकेज' की खाद्य सामग्री समय पर पहुंचाने के लिए राज्य के खाद्य विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। खाद्य भवन में हुई एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई कि पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद दुकानों से वितरण की रफ्तार काफी धीमी रही है। आंकड़ों के अनुसार, अब तक चीनी मात्र 1.68%, मैदा 2.1% और सूजी केवल 0.07% ही बंट सकी है। इस धीमी प्रक्रिया को देखते हुए खाद्य विभाग ने निर्देश दिया है कि आने वाले रविवार यानी महासप्तमी के दिन भी सभी राशन दुकानें पूरे समय खुली रहेंगी, ताकि सभी पात्र कार्डधारकों को समय पर राशन सामग्री मिल सके।
मालगाड़ियों और वाहनों की आवाजाही पर छूट के निर्देश
वितरण प्रक्रिया को और तेज़ करने और दुकानों तक सामान की आपूर्ति में कोई बाधा न आए, इसके लिए जिलाधिकारियों (DM) को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। दुर्गा पूजा के दौरान मालगाड़ियों और भारी वाहनों के यातायात पर प्रतिबंध रहने के बावजूद 'पूजा राशन पैकेज' को ले जाने वाले वाहनों को इससे पूरी तरह छूट दी गई है। थोक विक्रेताओं के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इस फैसले के बाद अब ग्राहकों को अपनी खाद्य सामग्री प्राप्त करने में आसानी होगी। इससे पहले साप्ताहिक छुट्टी सोमवार को भी दुकानें खोलने का निर्देश दिया गया था।
